गौरैया सिर्फ पक्षी नहीं पारिस्थितिक संकेतक है

संजय कुमार /गौरैया / छोटे आकार वाली खूबसूरत गौरैया का ज़िक्र आते ही बचपन की यादें ताज़ा हो जाती हैं। कभी घर-आंगन का अभिन्न हिस्सा रही यह चिड़िया आज कंक्रीट के जंगलों में अपना अस्तित्व तलाश रही है। 20 मार्च को ‘विश्व गौरैया दिवस’ के रूप में मना कर हम इसके संरक्षण का संकल्प लेते…

संजय कुमार /गौरैया / छोटे आकार वाली खूबसूरत गौरैया का ज़िक्र आते ही बचपन की यादें ताज़ा हो जाती हैं। कभी घर-आंगन का अभिन्न हिस्सा रही यह चिड़िया आज कंक्रीट के जंगलों में अपना अस्तित्व तलाश रही है। 20 मार्च को ‘विश्व गौरैया दिवस’ के रूप में मना कर हम इसके संरक्षण का संकल्प लेते हैं, वहीँ, सवाल यह उठता है कि यह नन्ही जान हमारे पारिस्थितिक तंत्र के लिए इतनी ज़रूरी क्यों है?

तो हमें यह जानना होगा कि गौरैया और इंसान का रिश्ता सदियों पुराना है। बेथलहम की एक गुफा से मिले 4,00,000 साल पुराने जीवाश्म इस बात के गवाह हैं कि गौरैया ने आदिमानवों के साथ भी अपना बसेरा साझा किया था। वहीँ, ‘रॉयल सोसायटी ऑफ लंदन’ (2018) के अनुसार, यह बंधन लगभग 11,000 साल पुराना है। वैज्ञानिकों का मानना है कि गौरैया पूरी तरह से इंसानों पर निर्भर है; जहाँ इंसान नहीं, वहाँ गौरैया का अस्तित्व भी मुश्किल है।

इंटरनेशनल यूनियन फॉर कंजर्वेशन ऑफ नेचर (IUCN) ने 2002 में इसे लुप्तप्राय: प्रजातियों की सूची में डाल दिया था। ब्रिटेन की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत में इनकी तादाद में 60% तक की कमी आई है। हालांकि, ‘स्टेट ऑफ इंडियंस बर्ड्स 2020’ की रिपोर्ट राहत भरी खबर देती है कि पिछले 25 सालों से भारत में गौरैया की संख्या स्थिर बनी हुई है। अक्सर मोबाइल टावरों के रेडिएशन को गौरैया की मौत का मुख्य कारण माना जाता है, लेकिन इसी रिपोर्ट ने स्पष्ट किया है कि मोबाइल टावर से गौरैया को कोई सीधा खतरा होने का पुख्ता वैज्ञानिक प्रमाण नहीं मिला है। असली दुश्मन हमारी बदलती जीवनशैली और शहरीकरण हैं। सवाल लाजमी है कि आखिर विलुप्ति के कगार पर क्यों? तो गौरैया के विलुप्ति या संकट के पीछे कई गंभीर कारण हैं। जैसे आवासीय संकट, आधुनिक फ्लैट और शीशे वाली इमारतों में गौरैया के लिए घोंसला बनाने की जगह नहीं बची है। पुराने खपरैल और मिट्टी के घरों का खत्म होना, इनके लिए काल बन गया। आहार की कमी और कीटनाशक भी अहम् कारण है, खेतों और बगीचों में रासायनिक कीटनाशकों के प्रयोग से वो कीड़े-मकोड़े खत्म हो गए हैं जिन्हें गौरैया अपने चूजों को खिलाती है। पैकेट बंद अनाज के चलन ने आंगन में गिरने वाले दानों को भी छीन लिया है। जबकि प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन ने संकट को गहरा दिया। बढ़ता वायु और ध्वनि प्रदूषण इनके प्रजनन चक्र को प्रभावित कर रहा है, तो वहीँ गौरैया वहां चली गयी जहाँ का पर्यावरण बेहतर है।

सवाल यह भी उठता है सिर्फ गौरैया संरक्षण ही क्यों? घरेलू चिड़ियाँ में गौरैया के बाद कौआ का नाम आता है वह भी कम हो रहे हैं। मैना सहित कई चिड़ियाँ हमारे आसपास से गायब हो रहे हैं। देखा जाये तो गौरैया केवल एक पक्षी नहीं, बल्कि ‘इकोलॉजिकल इंडिकेटर’ यानि पारिस्थितिक संकेतक है। इसकी उपस्थिति स्वस्थ पर्यावरण का प्रतीक है। यह किसानों की मित्र है। क्योंकि, यह फसलों को नुकसान पहुँचाने वाले कीटों को खाती है। बीजों के फैलाव में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। तभी तो गौरैया हमसे कहती है— “अभी मैं ज़िंदा हूँ, बस थोड़ी सी पहल करो।” यदि हम अपनी बालकनी में थोड़ा सा दाना, पानी और एक छोटा सा बॉक्स लगा सकें, तो यह चहचाहट फिर से हमारे घर-आँगन-छत का हिस्सा बन सकती है। गौरैया का बचना केवल एक पक्षी का बचना नहीं, बल्कि हमारी मानवता और प्रकृति के बीच के उस पुराने जुड़ाव का बचना है। (संपर्क-sanju3feb@gmail.com)

—-

संजय कुमार

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

संयोजक

 हमारी गौरैया और इनवारमेंट वैरियर्स

Hamari Gauraiya and Environment Warriors

*सम्पादक -डॉ .लीना

*सहायक सम्पादक -निशांत रंजन

उद्देश्य

विश्व गौरैया दिवस: एक साझा संकल्प

20 मार्च 2010 को जब विश्व गौरैया दिवस की शुरुआत हुई, तो मकसद साफ था—इस नन्हीं जान को लुप्त होने से बचाना। इस मुहिम को मजबूती देते हुए दिल्ली सरकार ने 15 अगस्त 2012 और बिहार सरकार ने 16 अप्रैल 2013 को गौरैया को अपना राजकीय पक्षी घोषित किया। तब से लेकर आज तक, सरकारी संस्थाओं और निजी संगठनों के साझा प्रयासों से गौरैया की ‘घर वापसी’ का अभियान निरंतर जारी है।

घर-आँगन, खेत-खलिहान में चहकने-फुदकने वाली गौरैया की घटती संख्या को रोकना और उनकी आबादी को बढ़ाने के लिए एक सुरक्षित और अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करना। उद्देश्य है सभी गौरैया संरक्षकों का …इसमें हमारी गौरैया और पर्यावरण योद्धा(Hamari Gauraiya and Environment Warriors) भी शामिल है।

प्रधानमंत्री द्वारा गौरैया को संरक्षित करने को लेकर ‘मन की बात’ में कई बार सन्देश दिया गया हैं :- “विश्व गौरैया दिवस (20 मार्च) पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नन्हीं गौरैया को हमारे पारिस्थितिक तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए उनके संरक्षण पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि शहरीकरण और प्रदूषण के कारण घटती इनकी संख्या पर्यावरण असंतुलन का संकेत है, इसलिए घरों में दाना-पानी रखकर और घोंसले बनाकर इनके प्रति स्नेह और जिम्मेदारी निभाएं।

हमारी पहल: पूर्णतः निस्वार्थ और जनहित में

यह वेबसाइट पूरी तरह से अवैतनिक,जनहित और सामाजिक सरोकार को समर्पित है। हमारा मंच किसी व्यक्ति या संगठन के लाभ के लिए नहीं, बल्कि केवल गौरैया और पर्यावरण संरक्षण की आवाज बनने के लिए है।

हमें आप लिख सकते हैं …आप हमें  📩 ईमेल करें: ilovesparrow68@gmail.com

🐦 आपकी भागीदारी जरूरी है: अगर आपके पास गौरैया और पर्यावरण संरक्षण संरक्षण से जुड़े अनुभव, प्रेरक कहानियाँ, कविताएँ, गीत या शोधपरक आलेख हैं, तो हमें ज़रूर भेजें।

www.ilovesparrow.com वेबसाईट का उद्देश्य साफ़ है घर -घर गौरैया संरक्षण की पहल हो..साथ ही पर्यावरण का भी संरक्षण हो।

सम्पादक : डॉ लीना, सहायक सम्पादक : निशांत रंजन