इंदौरः मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए रानी सराय में 160 पेड़ों की कटाई शुरू
भास्कर न्यूज | इंदौर/ मेट्रो के अंडरग्राउंड स्टेशन के लिए रानी सराय परिसर में पेड़ों की कटाई आखिरकार सोमवार से शुरू हो गई। सुबह पेड़ों से उड़कर दूरदराज के खेतों में गए तोते शाम को वापस लौटे तो कई अपने आशियाने के लिए देर तक मंडराते रहे। जिन टहनियों पर हर शाम तोते कोलाहल करते थे, वे टहनियां, पेड़ों के तने जमींदोज हो चुके थे। पहले दिन 10-12 पेड़ों की टहनियां काटी गई हैं।

रानी सराय इलाके के 160 पेड़ काटे जाने हैं। हाई कोर्ट के निर्देश के बाद अफसरों और पक्षी विशेषज्ञों की निगरानी में पेड़ कटाई का काम होना है। सोमवार को रानी सराय परिसर के पेड़ों वाले हिस्से को पैक कर तीन-चार अधिकारियों की मौजूदगी में पेड़ों की कटाई छंटाई शुरू कर दी गई। मेट्रो प्रबंधनने 160 पेड़ों की कीमत 10 करोड़ रुपए आंकी है। नगर निगम को यह पैसा दे दिया है। अब 8-10 फीट के पौधे लगाए जाएंगे। हाई
कोर्ट ने मेट्रो के निर्देश दिए हैं कि पौधे लगाने के बाद उनकी देखभाल भी करे और हर साल गूगल इमेज प्रस्तुत करे। (साभार -दैनिक भास्कर ,इंदौर,27-10-26)














